दामोदर नदी में जलस्तर हुआ कम, जलापूर्ति योजना पर असर पड़ने की आशंका
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद):
दामोदर नदी में जलस्तर कम होने के कारण बलियापुर जलापूर्ति योजना के इंटेकवेल में पानी जमा नहीं हो पा रहा है। परिणामस्वरूप बलियापुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेस वन के 27 गांवों में एक-दो दिनों में पानी की आपूर्ति ठप पड़ने की संभावना बढ़ गई है। इस संबंध में शीतलपुर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के सुपरवाइजर सुमित कुमार ने बताया कि दामोदर नदी के सूखने तथा इंटेकवेल में पानी नहीं रहने के कारण जलापूर्ति ठप पड़ने की संभावना है। पूरे क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ेगा।
मालूम हो कि बलियापुर क्षेत्र में नल जल योजना के तहत घरों में पानी पहुंचाने के लिए ग्रामीण जलापूर्ति योजना शुरू की गई है। फेस वन के 11 पंचायतों के 41 गांवों में काफी दिनों से जलापूर्ति ठप पड़ा है। अन्य 12 पंचायतों के 27 गांवों में जलापूर्ति नियमित जारी था। दामोदर की इस स्थिति के चलते इन पंचायतों में भी पानी की आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।