अत्यधिक धूप और हीट वेव से राहत के लिए जिला प्रशासन की पहल; प्रमुख चौराहों पर लगाए गए अस्थायी छायादार शेड वाहन चालकों और राहगीरों को ट्रैफिक सिग्नल पर मिलेगी चिलचिलाती धूप से राहत

Advertisements

अत्यधिक धूप और हीट वेव से राहत के लिए जिला प्रशासन की पहल; प्रमुख चौराहों पर लगाए गए अस्थायी छायादार शेड

वाहन चालकों और राहगीरों को ट्रैफिक सिग्नल पर मिलेगी चिलचिलाती धूप से राहत

डीजे न्यूज, धनबाद: बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा आम जनता, राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के लिए एक विशेष पहल की गई है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार, शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों और व्यस्त सड़कों के किनारे अस्थायी छायादार शेड का निर्माण किया गया है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न चौक चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले दुपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को सीधे सिर पर पड़ने वाली चिलचिलाती धूप और लू (Heat Wave) से बचाना है।

ये शेड विशेष रूप से उन चौराहों पर लगाए गए हैं जहाँ ट्रैफिक होल्डिंग टाइम ज्यादा है। टेंट शेड को इस तरह स्थापित किया गया है जिससे यातायात की आवाजाही में कोई बाधा न आए और न ही वाहन चालकों की विजिबिलिटी (दृश्यता) प्रभावित हो।

उपायुक्त ने कहा कि इस समय गर्मी का पारा काफी बढ़ चुका है। ऐसे में दुपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने के दौरान सबसे ज्यादा परेशानी होती है। नागरिकों को हीट स्ट्रोक से बचाना और उन्हें थोड़ी राहत देना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे दोपहर के समय बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर निकलें और यातायात नियमों का पालन करते हुए इन शेड्स का अनुशासित ढंग से लाभ उठाएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top