सलैया स्टेशन सड़क की बदहाली पर रंग लाई यात्रियों की मुहिम, DRM धनबाद ने दिया आश्वासन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सलैया रेलवे स्टेशन पहुंच पथ की जर्जर और बदहाल सड़क को लेकर यात्रियों द्वारा लगातार उठाई जा रही आवाज अब असर दिखाने लगी है। सलैया रेल पैसेंजर यूनियन के सक्रिय सदस्य गौतम सोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सड़क की खराब स्थिति, यात्रियों की परेशानी और लगातार हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
मामले पर धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय ने आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि सड़क मरम्मत का कार्य राज्य सरकार के आरसीडी विभाग द्वारा कराया जाना है। विभाग की ओर से रेलवे से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के लिए आवेदन किया गया है और प्रक्रिया जारी है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एनओसी स्वीकृत होते ही सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
इधर, संघर्ष मोर्चा के सदस्यों अमित छापरिया, राजेश सिन्हा और तुलसी राणा ने कहा कि बीते तीन से चार वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यात्रियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
संघर्ष मोर्चा ने सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के साथ-साथ कोडरमा–मधुपुर रेलखंड पर चलने वाली इंटरसिटी और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सलैया स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
मोर्चा के कन्हैया खैतान, छोटेलाल राणा, निशु, मिथलेश, करण कृपालु और गंगाधर समेत अन्य साथियों के लगातार प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन और जनजागरण आगे भी जारी रहेगा।