विविध खबरें:-
काम में दिलचस्पी लें या कार्रवाई के लिए तैयार रहें एमओआईसी : डीडीसी
डीजे न्यूज, धनबाद: अपने काम में तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रम में दिलचस्पी नहीं रखने वाले एमओआईसी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। काम करने का नजरिया बदलें। अपना काम पूरी लगन से करें। चुनौतियों का सामना करें। यह बातें उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान एमओआईसी के कार्यों पर भारी असंतोष व्यक्त कर, उन्हें फटकारते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सुविधा को सुदृढ़ और बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी स्वास्थ्य केंद्र को हर सुविधा दी जाती है। बावजूद इसके इंस्टीट्यूशनल प्रसव, एनएसवी, प्रथम ट्रीमेस्टर इत्यादि में स्वास्थ्य केंद्रों की उपलब्धि संतोषजनक नहीं है।
कहा कि प्रखंड के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए माइक्रो लेवल प्लानिंग करें। स्वास्थ्य केंद्र के हर कर्मी की जवाबदेही तय करें। प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं के बारे में बताएं। प्रखंड के निजी अस्पतालों की जांच करें। अनियमितता मिलने पर कार्रवाई करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने हेल्सथ ब सेंटर में प्रसव, कुपोषण उपचार केंद्र, राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम, परिवार नियोजन, ई-संजीवनी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, एनयूएचएम, मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक, अटल मोहल्ला क्लीनिक सहित अन्य की समीक्षा की।
बैठक में सिविल सर्जन ने बताया कि सदर अस्पताल में फरवरी में 10748, मार्च में 9806 तथा अप्रैल माह में 12942 सहित 33496 लोगों का उपचार किया गया है। कहा कि सभी एमओआईसी को गंभीर स्थिति वाली गर्भवती महिलाओं को सदर अस्पताल रेफर करने के लिए प्राथमिकता देंगे। प्रत्येक माह रेफर लाभार्थियों का डाटा सिविल सर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
बताया कि एनीमिया मुक्त भारत में धनबाद पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है। इसके लिए अब तक 102 कैंप का आयोजन किया जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने फाइलेरिया, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं यक्षमा उन्मूलन कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, डीआरसीएचओ डॉ रोहित गौतम, डीपीएम श्रीमती प्रतिमा कुमारी, सभी प्रखंड के एमओआईसी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
——————————————–
नेरो पंचायत के ग्रामीणों ने उपायुक्त को दी शुभकामनाएं
धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन का नाम देश के सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी की टॉप 10 सूची में शामिल होने पर स्वावलंबी गांव नेरो, पंचायत नेरो, प्रखंड तोपचांची के ग्रामीणों ने पुष्प गुच्छ एंव अंग वस्त्र देकर उपायुक्त को बधाईयां एंव शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त ने उनसे वार्ता कर नेरो के चौमुखी विकास पर विस्तृत चर्चा की।