पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने को किया जागरूक
डीजे न्यूज, धनबाद: विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रेल कर्मियों, सफाई कर्मचारियों तथा खान-पान स्टॉल के वेंडरों को विशेष रूप से प्रशिक्षित करते हुए जैविक (गीले) एवं सूखे कचरे को प्रारंभिक स्तर पर ही अलग-अलग करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई । साथ ही स्टेशनों पर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतः बंद करने की अपील करते हुए पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान नीले डस्टबिन का उपयोग सूखे कचरे तथा हरे डस्टबिन का उपयोग गीले कचरे के लिए करने संबंधी जागरूकता भी फैलाई गई । अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं वेंडरों को कचरे को अलग-अलग करने (वेस्ट सेग्रिगेशन) तथा प्लास्टिक उपयोग में कमी के प्रति जागरूक बनाना था, ताकि रेलवे स्टेशनों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेलवे के कार्बन फुटप्रिंट को कम कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान दिया जा सके।