बिना चिह्नित मतदाताओं के सत्यापन और मिलान को लेकर चलेगा विशेष अभियान

Advertisements

बिना चिह्नित मतदाताओं के सत्यापन और मिलान को लेकर चलेगा विशेष अभियान

अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम और विवरण की जांच अवश्य करा लें : उपायुक्त रामनिवास यादव 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2026 के लिए मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में बिना चिह्नित मतदाताओं के सत्यापन और मिलान को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम और विवरण की जांच अवश्य करा लें।

उन्होंने बताया कि 23 मई को सभी मतदान केंद्रों पर बिना चिह्नित मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 23 और 24 मई को विशेष सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर नियुक्त बूथ स्तरीय पदाधिकारी और पर्यवेक्षक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे तथा मतदाताओं की सहायता करेंगे।

जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं और संबंधित अधिकारियों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके। विशेष रूप से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे नाम वाले मतदाताओं की पहचान और सूची तैयार करने की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी मतदाता इस विशेष अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार से जुड़े विवरणों का सत्यापन सुनिश्चित करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top