गिरिडीह में अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में 26 को होगी दिशा की बैठक, तैयारी में जुटा जिला प्रशासन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : 26 मई को प्रस्तावित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सांसद कोडरमा लोकसभा क्षेत्र सह केंद्रीय मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक की तैयारियों के मद्देनजर की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी संबंधित विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से आमजनों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने विशेष रूप से सभी विभागों को अपने-अपने अद्यतन प्रतिवेदन, योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट, उपलब्धियों एवं लंबित मामलों से संबंधित डाटा को सुसंगत एवं त्रुटिरहित रूप में तैयार रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिशा बैठक विकास योजनाओं की समीक्षा एवं जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसलिए सभी विभाग गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ अपनी तैयारी सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों, अधूरे कार्यों एवं निर्माणाधीन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं के निष्पादन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा कार्यस्थलों पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता एवं सक्रियता बनाए रखें तथा योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु विभागीय समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।