लोयाबाद में कांग्रेस समर्थक और आजसू समर्थकों में भिड़ंत
गोली से तीन जख्मी, पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया
डीजे न्यूज, धनबाद: लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा बस्ती में बुधवार को कांग्रेस और आजसू समर्थक आपस में भिड़ गए। मारपीट हुई। पत्थर चले। गोलियों की आवाज से इलाका गूंज उठा। इस घटना में तीन लोगों को गोली लगी है, जबकि आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं।
कांग्रेस समर्थक किशुन रवानी तथा विष्णु प्रमाणिक के अलावा मनोज नामक व्यक्ति को गोली लगी है। जख्मियों में आजसू के हीरालाल महतो, धर्मेंद्र महतो आदि शामिल हैं।
गोली से जख्मी किशुन और विष्णु का इलाज असर्फी धनबाद में चल रहा है।
सूचना पाकर कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीण एसपी मोहम्मद एस याकूब मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक कार से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। उक्त कार आजसू समर्थक का बताया जा रहा है।
तीन गिरफ्तार
पुलिस ने अमित कुमार महतो, मेराज सहित एक अन्य युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों से पुछताछ कर रही है।
यह है मामला
आजसू नेत्री रजनी रवानी छः वाहनों पर सवार अपने समर्थकों के साथ पहले थाना पहुंची। वहां पर पुलिस को आवेदन देकर समर्थकों के साथ बांसजोडा बस्ती पहुंची । वहां पर ग्रामीणों के साथ तू तू मैं मैं होते-होते मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद गोली चलने लगी। गोली लगते ही अफ़रा-तफ़री मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। पिछले तीन चार दिनों से रजनी देवी और ग्रामीणों के बीच फेसबुक पर चल रहे बयानबाजी से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। इन लोगों के बीच पुरानी रंजिश भी चल रही है।कांग्रेस समर्थक विष्णु प्रमाणिक और किशुन रवानी के परिजनों ने कहा कि रजनी रवानी, मुकेश सिंह अपना वर्चस्व कायम करने के लिए ग्रामीणों पर हमला कराया। रजनी देवी का कहना है कि बांसजोडा में कोयला के अवैध धंधा चलता है। इसका विरोध करने पर उनलोगों पर हमला कराया गया है।
इधर ग्रामीण एसपी ने बताया कि दो पक्षों की आपसी रंजिश में गोली चलने की बात सामने आई है। जिसमें कुछ को गोली लगी है।