श्रवण राय के खिलाफ झरिया में प्रदर्शन, पुतला दहन कर इस्तीफा मांगा

Advertisements

श्रवण राय के खिलाफ झरिया में प्रदर्शन, पुतला दहन कर इस्तीफा मांगा

डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : झरिया विधायक रागिनी सिंह के खिलाफ भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय द्वारा दिए गए बयान को लेकर बुधवार को झरिया में युवाओं का आक्रोश देखने को मिला। विधायक समर्थकों एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने देशबंधु सिनेमा हॉल के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय का पुतला दहन किया तथा उनके इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने श्रवण राय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समर्थकों ने “श्रवण राय मुर्दाबाद”, “महिला विरोधी सोच बंद करो” तथा “झरिया विधायक रागिनी सिंह जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए। देशबंधु सिनेमा हॉल के समीप काफी देर तक विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी का माहौल बना रहा।

प्रदर्शन में शामिल युवा कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक महिला विधायक के खिलाफ सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है और इससे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि विधायक रागिनी सिंह लगातार झरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाती रही हैं तथा क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में उनके खिलाफ की गई टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

युवा समर्थकों ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व से मांग करते हुए कहा कि भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय को तत्काल पद से हटाया जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व इस मामले में कार्रवाई नहीं करता है तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

मौके पर पिंकू चौबे, संजय महतो, गुड्डू सिंह, मनोज सिंह, मारुति पांडेय, जितेंद्र सिंह, सौरव शर्मा, सनोज साव, झूलन सिंह, गोपाल चौधरी, अमित साव एवं चंदन सोनी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top