झामुमो नेता निर्मल रजवार को जान से मारने की धमकी, थाना में शिकायत
डीजे न्यूज तिसरा (धनबाद) : गोलमारा निवासी झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड सचिव निर्मल रजवार को असामाजिक तत्वों द्वारा धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। निर्मल रजवार ने तिसरा थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
झामुमो नेता निर्मल रजवार ने बताया कि बीती रात लगभग 10:15 बजे वह बलियापुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चांद कुइया मोड़ के समीप असामाजिक तत्वों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब एक दर्जन नकाबपोश लोगों ने उन्हें घेर लिया और नेतागिरी छोड़ने तथा संभल जाने की धमकी दी।
निर्मल रजवार के अनुसार आरोपितों ने कहा कि “बहुत नेतागिरी करते हो, संभल जाओ नहीं तो बुरा परिणाम होगा।” उन्होंने बताया कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। किसी तरह वहां से हटकर उन्होंने अपने साथियों को फोन किया। इसके बाद संगठन के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी लोग फरार हो चुके थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के सवाल और कोयला चोरी के विरोध में आवाज उठाने से घबराकर कोयला माफिया इस तरह की हरकत कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे डरने वाले नहीं हैं और मामले में थाना में लिखित शिकायत दी गई है।
मौके पर झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष राजेंद्र हेम्ब्रम, रमेश महतो, सह सचिव अशोक महली, मिथुन मालिक, देवीलाल, बाबर, जय नारायण सिंह, गणेश टुडू, बिजय महतो, हेमंत महतो सहित अन्य मौजूद थे।
इस संबंध में तिसरा थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडे ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि कई एंगल से घटना की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।