बलियापुर की खबरें:-
बलियापुर इलाके में मकान सूचीकरण कार्य शुरू
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): जनगणना 2027 के लिए शनिवार से बलियापुर क्षेत्र में प्रथम चरण का मकान सूचीकरण का कार्य शुरू हो गया। मकान सूचीकरण हेतु क्षेत्र में 253 प्रगणक एवं 42 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। इस संबंध में प्रखंड कार्यालय के जनगणना प्रभारी रामपद टुडू एवं पर्यवेक्षक आदित्य प्रसाद मिर्धा ने बताया कि मकान सूचीकरण का कार्य 14 जून तक चलेगा।
——————————————
जमानत पर छूटे भिखराजपुर के सदर
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में बीते 27 मार्च को रामनवमी के दिन घटित सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के जुड़े मामले के आरोपित मो. मुस्ताक को उच्च न्यायालय ने जमानत दे दी है। वह भिखराजपुर के सदर व सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के प्रतिनिधि हैं। शुक्रवार की शाम उनके घर लौटने पर सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो समेत काफी संख्या में लोग भिखराजपुर पहुंचे । लोगों ने उनका हाल-चाल लिया। मालूम हो कि इस वर्ष रामनवमी के मौके पर बलियापुर में काफी बवाल हुआ था। दो संप्रदाय के बीच हुए विवाद के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के अलावे अतिरिक्त पुलिस बल को आना पड़ा था। इस दौरान दोनों पक्षों के डेढ़ दर्जन से भी अधिक लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस संबंध में बलियापुर थाना में दर्ज मामले में दोनों पक्षों के करीब पांच दर्जन लोगों आरोपित हैं।
—————————————-
बलियापुर के 41 में से 06 गांव में जलापूर्ति शुरू
बलियापुर: ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेस 1 के 41 गांव में से घड़बड़ पंचायत के सिर्फ 6 गांव में शनिवार को नल जल योजना के तहत जलापूर्ति का कार्य चालू किया गया है। संवेदक द्वारा दो महीना का बकाया वेतन भुगतान किए जाने के बाद हड़ताली कर्मियों ने यह निर्णय लिया है। बता दें कि घड़बड़ पंचायत के चापाकलों से फ्लोराइड युक्त दूषित पानी निकलने से विभाग ने लोगों को इस पानी का उपयोग करने पर पाबंदी लगा दी है। इसके चलते लोगों को नल जल योजना के तहत पानी नहीं मिलने से काफी दिक्कतें हो रही थी। इसी को देखते हुए सिर्फ इसी पंचायत के आधा दर्जन गांव में जलापूर्ति शुरू किया गया है।
मालूम हो कि दो दिनों पूर्व संवेदक के साथ शीतलपुर स्थित योजना के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के हड़ताली मजदूरों की वार्ता विफल हो गई थी। शुक्रवार को जिला स्तर पर हुई समीक्षा बैठक के दौरान डीडीसी सन्नी राज ने कड़ा रूख अपनाते हुए तत्काल जलापूर्ति शुरू कराने का निर्देश संबंधित एजेंसी को दिया था।
———————————————-
सामाजिक संस्था ने बांटी मिठाईयां
बलियापुर: सामाजिक संस्था सहायक जन सेवा फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार की रात धनबाद के विभिन्न चौक चौराहा एवं फुटपाथों पर रात गुजारने वाले लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। संस्था के प्रभास पाल के अनुसार समय-समय पर गरीब एवं लाचार लोगों के बीच इस तरह खाद्य सामग्री वितरण का कार्य किया जाता है। मौके पर विनोद सिंह, सूरज गोपाल भट्टाचार्य, डॉक्टर स्वरूप चौधरी, डॉक्टर राकेश सिंह, शंकर दास, आमोद बाउरी, हारू बाउरी आदि थे।