हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन : हलधर महतो
भाकपा माले ने गोलकडीह में निकाला प्रतिवाद मार्च, थाना घेराव का अल्टीमेटम
डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद) : भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान के घर पर हुए हमले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी जल्द नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। यह बातें भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने गोलकडीह में आयोजित प्रतिवाद सभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि बीते 6 तारीख को बिंदा पासवान के घर पर बम और गोली से हमला किया गया। बिंदा पासवान की लोकप्रियता से घबराकर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों द्वारा इस तरह का हमला कराया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस प्रशासन आखिर नामजद लोगों को अब तक क्यों गिरफ्तार नहीं कर रही है। घटना को आठ दिन बीत चुके हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
हलधर महतो ने कहा कि यदि जल्द सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो रणधीर वर्मा चौक पर धरना दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो थाना का घेराव भी किया जाएगा।
सभा से पूर्व एक विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बिहार कोलियरी कामगार यूनियन, माले, असंगठित मजदूर संगठन, आइसा और महिला मोर्चा के लोग शामिल हुए। जुलूस में शामिल लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
मौके पर बिंदा पासवान, कार्तिक प्रसाद, नकुल देव सिंह, सुभाष चटर्जी, सम्राट चौधरी, मनोज महतो, राणा चटराज, गोपाल महतो, तुलसी रवानी, राजेंद्र पासवान, विजय पासवान, हरेंद्र निषाद, नरेश निषाद, सपन पासवान, राजेश पासवान, करण पासवान, आइसा की स्नेहा महतो, पल्लवी, रोशन, आरिफ इमाम, वारिस खान, चेतन यादव, रितेश मिश्रा, अर्जुन निषाद आदि मौजूद थे।
इस संबंध में तिसरा थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडे ने बताया कि हमला करने वालों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपित थाना क्षेत्र से बाहर के हैं, फिर भी पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
घटना में अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है।