योजना में शिथिलता बरतने पर श्री राम ईपीसी को लगाई फटकार मजदूरी भुगतान कर तत्काल जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश

Advertisements

योजना में शिथिलता बरतने पर श्री राम ईपीसी को लगाई फटकार

मजदूरी भुगतान कर तत्काल जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त  सन्नी राज ने शुक्रवार को जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा की। इस क्रम में बलियापुर फेज 1, मोहिलिडीह लटानी रूपण ग्रामीण जलापूर्ति योजना तथा टुंडी फेज 1 जलापूर्ति योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि जलापूर्ति योजना का काम श्री राम ईपीसी वर्षों से कर रही है। बारंबार समय लेने और कर्मचारियों को पेमेंट नहीं करने से जलापूर्ति बाधित है। जिससे दोनों प्रखंड की बड़ी आबादी पेयजल से वंचित है।

श्री राम ईपीसी की कार्य के प्रति लापरवाही एवं कार्यप्रणाली पर उप विकास आयुक्त ने कड़ी नाराजगी प्रकट की। उन्होंने एजेंसी को साफ शब्दों में कहा कि हर हाल में दोनों प्रखंडों में आज के आज जलापूर्ति शुरू होनी चाहिए। कंपनी के डीजीएम को फटकार लगाते हुए कहा कि लापरवाही के कारण राज्य सरकार की बनी बनाई संपत्ति एवं राशि बर्बाद हो रही है। अगर यही रवैया रहा तो कंपनी पर सरकारी संपत्ति जबरन जब्त रखने की नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि  मुख्यमंत्री जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। लेकिन कंपनी मुख्यमंत्री की परिकल्पना के विपरीत कार्यप्रणाली अपना रही है। उन्होंने डीजीएम को आज ही कर्मियों का बकाया भुगतान कर जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया।

वहीं बाघमारा फेज 2 में काम कर रही आदित्य आरव डेवलपमेंट कंपनी को योजना में विलंब करने के लिए कड़ी फटकार लगाई। कंपनी को 450 किलोमीटर पाइपलाइन लगानी थी। लेकिन अब तक केवल 20 किलोमीटर पाइप लाइन लगाई है। कंपनी के पास रॉ मैटेरियल भी नहीं है। कम मानव बल लगाकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम कर रही है। फटकार लगाते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की बड़ी पूंजी लगने के बाद भी लाखों ग्रामीण पानी के लिए परेशान है। यदि दोनों कंपनियों से काम नहीं हो रहा है तो वे सरेंडर कर दे।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने निरसा उत्तर एवं निरसा दक्षिण जलापूर्ति योजना, हर घर जल योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, गोबर गैस प्लांट, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, शहरी जलापूर्ति योजना, ग्राम जल स्वच्छता समिति सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।

ग्राम जल स्वच्छता समिति की समीक्षा के बाद उन्होंने सभी जल सहियाओं को 7 दिन में उनके पास जमा राशि समिति के बैंक अकाउंट में जमा कराने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, पीएचईडी 1 के कार्यपालक अभियंता  रंजीत कुमार ठाकुर, पीएचईडी 2 के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, कनीय अभियंता व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top