रेलवे अधिकारी क्लब में दस दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ
4 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे ले रहे भाग
डीजे न्यूज, धनबाद: रेलवे अधिकारी क्लब, धनबाद में दस दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ सोमवार को हुआ। कैंप का उद्घाटन पूर्व मध्य रेल मंडल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा प्रिया मिश्र ने किया। उद्घाटन बेला में बच्चों के बीच कलर सेट, बिस्कुट एवं फ्रूटी का वितरण कर उनका हौसला आफजाई किया गया।
बच्चों के विकास एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समर कैंप में आत्मरक्षा प्रशिक्षण, नृत्य एवं संगीत, ड्राइंग, कला एवं शिल्प तथा मिट्टी के बर्तन निर्माण जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैंप में प्रशिक्षित एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे नई-नई कलाओं एवं कौशलों को सीख सके। 20 मई तक आयोजित होने वाले इस समर कैंप में विभिन्न विद्यालयों के 4 वर्ष से 10 वर्ष आयु वर्ग के कुल 31 बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल मंडल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की उपाध्यक्षा कविता, अल्पना झा एवं शैली सहित संगठन की अन्य सदस्याएं, मंडल के कर्मचारी तथा अन्य अतिथि उपस्थित थे।