आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता : उपायुक्त
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में जमीन विवाद, पेंशन योजना, म्यूटेशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा एवं सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि जटिल मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने कहा कि “आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।”
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी, जन शिकायत कोषांग समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।