मधुबन में मजदूरों और किसानों ने भरी हुंकार, जनविरोधी नीतियों का विरोध
मधुबन में असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले ने निकाली रैली, आमसभा
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मजदूर दिवस सप्ताह के तहत मंगलवार को मधुबन के हटिया मैदान में असंगठित मजदूर मोर्चा और माले के बैनर तले आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद बेदी पर माल्यार्पण और झंडोत्तोलन से हुई। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में मजदूरों और किसानों ने मधुबन बाजार में रैली निकाली, जिससे पूरा क्षेत्र लाल झंडों और नारों से गूंज उठा। सभा को संबोधित करते हुए माले के जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि केंद्र की नीतियां मजदूरों और गरीबों के लिए नुकसानदेह साबित हो रही हैं। उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया और शिकागो मजदूर आंदोलन के शहीदों को याद किया। असंगठित मजदूर यूनियन के नेता अजीत राय और कन्हाई पांडेय ने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने डोली मजदूरों की समस्याओं को उठाते हुए सरकार से सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। माले के वरिष्ठ नेता पूरन महतो ने मजदूर, किसान, छात्र और महिलाओं से एकजुट होकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। वहीं माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र से वोट लेने के बाद विकास की अनदेखी की जा रही है, जिसे जनता को समझने की जरूरत है। कार्यक्रम को सफल बनाने में द्वारिका राय, बसंत कर्मकार, हराधन तुरी, सूरज तुरी, मंसू हांसदा, योगेश्वर महतो, परशुराम महतो, रेशमी देवी, धर्मी देवी, सोहन महतो, चिरंजीवी महतो, लक्ष्मण महतो, चरण महतो, मंगर बास्के, मनोहर महतो, जागेश्वर महतो सहित अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभा में नागेश्वर महतो, चुन्नू तबारक, मसूदन कोल, लखन कोल, भीम कोल, दिलचंद कोल, धनेश्वर कोल, राजन तुरी, प्रसादी राय, चंदन टुडू, सकलदेव कोल, धूम्मा टुडू और गुलाब कोल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।