झरिया में पानी-बिजली संकट पर व्यवसायियों ने थाली पीटकर किया विरोध, बंद की चेतावनी
डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद) : झरिया में लगातार जारी पानी और बिजली संकट के विरोध में गुरुवार को विभिन्न व्यवसायिक संगठनों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। डीवीसी, झारखंड विद्युत विभाग और माडा के पदाधिकारियों की कथित निष्क्रिय कार्यप्रणाली के खिलाफ व्यापारियों ने थाली पीटकर आक्रोश जताया।
वस्त्र व्यवसाय संघ के अध्यक्ष उपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि विद्युत संकट के कारण व्यापार, छात्रों की पढ़ाई और गृहिणियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या के चलते पानी की आपूर्ति भी बाधित हो रही है, जबकि दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालने का काम कर रहे हैं।
वहीं पूर्व पार्षद अनूप साव ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से जनप्रतिनिधि पानी और बिजली की व्यवस्था सुधारने में विफल रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि झरिया की जनता के सब्र का इम्तिहान न लिया जाए, अन्यथा इसके परिणाम विस्फोटक हो सकते हैं।
सभी व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे झरिया बंद कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे।
इस मौके पर उपेन्द्र गुप्ता, पूर्व पार्षद अनूप साव, महेश शर्मा, अरुण जायसवाल, कुंदन मोदक, प्रदीप तुलस्यान, बसंत अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, परवेज आलम, संजय गुप्ता, दीपक केसरी, अशोक चौरसिया, मुन्ना सिंदुरिया, हीरा गुप्ता, चेतन ठक्कर, विजय केसरी, तपन दा, प्रवीण केसरी, पिंटू बर्मन, राजू वर्मा सहित कई व्यापारी मौजूद थे।