विविध खबरें:-
स्कूलों में की गई वाहनों की जाँच
91 हजार 650 रुपये का किया जुर्माना
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य के निर्देश पर गुरुवार को परिवहन विभाग की टीम ने मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार के नेतृत्व में जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिगवाडीह तथा जे.के. सिन्हा मेमोरियल स्कूल ऑफ लर्निंग में वाहनों के आवश्यक कागजातों की जांच की गयी।
मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले वाहनों से जांच के क्रम में कार्रवाई करते हुए कुल 91650/- रुपये का जुर्माना किया गया। साथ में सभी वाहनों के कागजात सही करने तथा सभी वाहनों में सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस डिवाइस लगाने का निर्देश दिया गया।
मौके पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर अमरेश कुमार, मुकुल कुमार तथा स्कूल के संचालक उपस्थित रहे।
——————————————
मनरेगा व ग्रामीण विकास योजनाओं की हुई समीक्षा
धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में महात्मा गांधी नरेगा एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों के प्रगति रिपोर्ट की गहन जांच की गई।
उन्होंने चापाकल, सोख्ता गड्ढा निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं स्वास्थ्य केंद्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। पीडी जेनरेशन रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अगले महीने तक इसमें 10 प्रतिशत सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना की प्रगति पर भी चर्चा की गई। उन्होंने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्कीम क्लोजर एवं जियो टैगिंग की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संबंधित कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा।
उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अगले शुक्रवार तक कम से कम 100 योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं गोविंदपुर प्रखंड में जलमीनार मरम्मत कार्य में बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं विडीयो कान्फ्रेंस के माध्यम से लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में 15वें वित्त आयोग की रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए ऑफलाइन एवं ऑनलाइन बैलेंस मिलान कर तीन दिनों के भीतर वीसी के माध्यम से प्रोग्रेसिव रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। जबकि 55 पंचायत ज्ञान केंद्रों की प्रगति पर चर्चा करते हुए सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ज्ञान केंद्रों के निर्माण में गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित बीडीओ जिम्मेदार होंगे और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि नरेगा योजनाओं में अगले सप्ताह तक उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित की जाए। रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जियो टैगिंग, 15वें वित्त आयोग एवं नरेगा योजनाओं की समीक्षा आगामी बैठक में अगले शुक्रवार को की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित गोविंदपुर, टुंडी, धनबाद, एग्यारकुंड, बाघमारा, कलियासोल, पूर्वी टुंडी, निरसा, बलियापुर एवं तोपचांची के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।