

मई दिवस पर “मजदूर अधिकार जतरा” कल
डीजे न्यूज, रांची: मई दिवस (1 मई) विश्व भर के मजदूर वर्ग के संघर्ष, एकता और अधिकारों की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। 1886 के शिकागो के हेमार्केट आंदोलन से उपजा यह दिन आज भी हमें 8 घंटे कार्यदिवस, सम्मानजनक मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा के लिए जारी संघर्ष की याद दिलाता है।
सीटू रांची जिला कमिटी मई दिवस को पूरे उत्साह और व्यापक भागीदारी के साथ मनाने का आह्वान करती है।
रांची में कोयला, एचईसी, हिंडालको, मेकॉन, बैंक, इंश्योरेंस, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव सहित विभिन्न क्षेत्रों के असंगठित मजदूर 20 से अधिक स्थानों के कार्यस्थलों एवं यूनियन कार्यालयों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
मजदूर-कर्मचारी समन्वय समिति, रांची के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः 8:30 बजे विश्वकर्मा मंदिर लेन, मेन रोड, रांची में एकत्रीकरण एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा।
इसके अतिरिक्त, मई दिवस के अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘मजदूर अधिकार जतरा’ का आयोजन शाम 5 बजे से 7 बजे तक, हटिया मजदूर यूनियन कार्यालय के सामने, राजेंद्र भवन मैदान (सेक्टर-2) में किया जाएगा, जिसमें गीत, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मजदूर अधिकारों की आवाज बुलंद की जाएगी।
आज के दौर में, जब केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए श्रम संहिताएँ (Labour Codes) मजदूरों के ऐतिहासिक अधिकारों को कमजोर कर रही हैं, ट्रेड यूनियन अधिकारों पर अंकुश लगाया जा रहा है, और काम के घंटे व सुरक्षा मानकों में ढील दी जा रही है तब मई दिवस का महत्व और भी बढ़ जाता है।
सीटू रांची जिला कमिटी यह भी रेखांकित करती है कि देश में न्यूनतम मजदूरी को कम से कम ₹26,000 प्रति माह सुनिश्चित किया जाए, सभी मजदूरों के लिए सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा लागू हो, समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए, ठेका प्रथा पर रोक लगे एवं अपने अधिकार के लिए आंदोलनरत मजदूरों पर दमन बंद किया जाए।
मई दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह लेबर कोड के जरिए श्रम कानूनों के कमजोर करने के खिलाफ; निजीकरण और ठेकाकरण के खिलाफ; मजदूरों के अधिकार, सम्मान और बेहतर जीवन के लिए संघर्ष और संकल्प का दिन है।
हम सभी मजदूरों, कर्मचारियों, ट्रेड यूनियन कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेकर मई दिवस को सफल बनाएं और मजदूर एकता को मजबूत करें। उक्त जानकारी सीटू के सचिव प्रतीक मिश्रा ने दी है।