संतोषी माता जागरण में वाराणसी की झांकियों और भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर बुधवार की रात भक्ति और आस्था का संगम अपने चरम पर देखने को मिला। बारिश के बावजूद मां संतोषी का भव्य दरबार सजा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान वाराणसी से आई झांकी टीम ने आकर्षक झांकियों के माध्यम से मां संतोषी और मां दुर्गा की महिमा का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया। वहीं, बाहर से आई गायिकाओं ने माता के भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
भक्ति जागरण की शुरुआत फीता काटकर की गई। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता सह प्रसिद्ध उद्योगपति प्रदीप अग्रवाल, संदीप दंगाइच के साथ आयोजन समिति के दीपक शर्मा, डिम्पल साहू, टुनटुन केसरी, दिलीप केसरी, लखन बरनवाल, संजय गुप्ता, संजय राम, कुशल वाधवा समेत कई सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वाराणसी की झांकी टीम द्वारा मां दुर्गा पर आधारित झांकी से की गई, जिसने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु झांकियों को देखकर भावविभोर हो उठे और कलाकारों का आशीर्वाद लेते नजर आए।
वहीं, देवघर से आई गायिका सुरुचि सिंह ने भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद भगवान कृष्ण और राधा पर आधारित झांकी ने खासकर महिलाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, और वे भक्ति में झूम उठीं।
गायिका सुरुचि सिंह ने मां संतोषी के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। जागरण का समापन बनारस की टीम द्वारा भारत माता पर आधारित झांकी के साथ हुआ, जिसने देशभक्ति और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।