राजधनवार में बस-कार की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल
लाल बाजार में सुबह हुआ सड़क हादसा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के लाल बाजार के समीप गुरुवार की सुबह बस और कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सवारी बस खोरीमहुआ की ओर जा रही थी, जबकि स्विफ्ट कार बिरनी की तरफ से आ रही थी। लाल बाजार के पास दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में बिरनी थाना क्षेत्र निवासी 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी की मौत हो गई।
वहीं कार में सवार सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण और अरविन्द यादव घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और स्थानीय लोग घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
सूचना मिलने पर धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया तथा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
“गुरुवार की सुबह लगभग पांच बजे बस और कार में टक्कर हो गई। इस घटना में एक वृद्ध एवं एक युवती की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हैं। सभी कार पर सवार थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।”
ब्रजेश कुमार, थाना प्रभारी, धनवार
“बरमसिया गांव के जयनारायण राम का परिवार देवघर से शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान लाल बाजार के पास विपरीत दिशा से आ रही बस ने टक्कर मार दी, जिससे बंगाली हाड़ी एवं कुमकुम कुमारी की मौत हो गई।”
रामू बैठा, प्रमुख, बिरनी