भीषण गर्मी में अग्निकांड रोकने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन सजग
अग्निशमन केंद्रों के संपर्क नंबरों को सार्वजनिक करने के निर्देश, अग्नि सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले में भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान के मद्देनज़र संभावित अग्निकांड की घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः सजग एवं सक्रिय है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस क्रम में उपायुक्त द्वारा अग्निशमन पदाधिकारी, गिरिडीह को स्पष्ट एवं आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के तहत जिले के सभी अग्निशमन केंद्रों के संपर्क नंबरों को स्थानीय समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों के जरिए व्यापक रूप से प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि आपातकालीन स्थिति में आमजन बिना विलंब के अग्निशमन विभाग से संपर्क कर सकें और समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें।
जिले के प्रमुख अग्निशमन केंद्रों के संपर्क नंबर निम्नलिखित हैं
फायर स्टेशन, गिरिडीह – 9304953450
फायर स्टेशन, खोरीमहुआ – 6201750882
नियंत्रण कक्ष, रांची – डायल 112
उपायुक्त रामनिवास यादव ने अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अग्निशमन उपकरणों, वाहनों एवं संसाधनों की नियमित जांच कर उन्हें पूर्णतः कार्यशील स्थिति में रखा जाए। साथ ही, अग्निशमन कर्मियों को हर समय तत्पर एवं सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने आमजन को जागरूक करने पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया है कि अग्नि सुरक्षा से संबंधित सावधानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए नागरिकों को गैस सिलेंडर, बिजली के उपकरणों एवं ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतें, आग से संबंधित किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज न करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपरोक्त संपर्क नंबरों पर सूचना दें। प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि अग्नि सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकतानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन गिरिडीह आमजन की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।