गिरिडीह के तीन केंद्राें में 1320 छात्र देंगे नीट परीक्षा 

Advertisements

गिरिडीह के तीन केंद्राें में 1320 छात्र देंगे नीट परीक्षा

 

उपायुक्त रामनिवास यादव ने तैयारियों का लिया जायता, दिए सख्त निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नीट(UG)2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। यह परीक्षा आगामी तीन मई को जिले के तीन निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में कुल तीन परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पचंबा में 480 परीक्षार्थी, गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में 360 परीक्षार्थी तथा सर जेसी बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 480 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। कुल 1320 परीक्षार्थी इस महत्वपूर्ण परीक्षा में भाग लेंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक केंद्र पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। इसके अतिरिक्त, निषिद्ध सामग्री जैसे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स आदि के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे परीक्षा संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करें। साथ ही, उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सुचारू परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने को कहा है। उपायुक्त ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें एवं निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में सम्मिलित हों। जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top