पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटलीकरण के लिए जिला स्तरीय समिति गठित
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा संचालित “ज्ञान भारतम् मिशन” के अंतर्गत अब धनबाद जिले में भी प्राचीन पांडुलिपियों के प्रलेखन, संरक्षण और डिजिटलीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक जिला स्तरीय समिति का गठन उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार किया गया है।
झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के निर्देशानुसार, धनबाद के जिला खेल पदाधिकारी को इस मिशन के लिए नोडल पदाधिकारी (कला-संस्कृति) नामित किया गया है।
समिति की संरचना
उपायुक्त/उप-विकास आयुक्त, धनबाद की अध्यक्षता में गठित इस समिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विशेषज्ञों को शामिल किया गया है:
अध्यक्ष: उपायुक्त / उप-विकास आयुक्त, धनबाद।
सचिव: जिला खेल सह-नोडल पदाधिकारी, धनबाद।
सदस्य: अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी।
विशेष आमंत्रित सदस्य: इतिहास एवं पुरातत्व विशेषज्ञ, बीबीएमकेयू धनबाद के इतिहास विभागाध्यक्ष, तथा संबंधित मठ, मंदिर एवं आश्रम समितियों के प्रतिनिधि।
इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य धनबाद जिले में मौजूद ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की पांडुलिपियों की पहचान करना, उन्हें सुरक्षित करना और भविष्य की पीढ़ी के लिए उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को निर्देश दिया है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करना सुनिश्चित करें।