करंट लगने से गोरहर के प्रवासी मजदूर की मौत

करंट लगने से गोरहर के प्रवासी मजदूर की मौत

डीजे न्यूज, हजारीबाग/गिरिडीह : झारखंड के हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो जिलों से प्रवासी मजदूरों की लगातार हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां निवासी रती महतो के 27 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार महतो की तमिलनाडु में काम के दौरान करंट लगने से शुक्रवार को मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मुकेश कुमार महतो अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे विकलांग पिता रती महतो, पत्नी पुष्पा देवी और दो छोटे बच्चों—आयुष कुमार (08) व आदित्य कुमार (06)—को छोड़ गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे और शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं की इस तरह हो रही मौतें चिंता का विषय है। रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले मजदूरों की लगातार मौत हो रही है, जो बेहद दुखद है।

उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले बोकारो जिले के प्रवासी मजदूर मनोज कुमार महतो की एक महीने पूर्व दुबई में मौत हो चुकी है, लेकिन अब तक उनका शव भारत नहीं लाया जा सका है।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राज्य में पलायन और प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाज के विभिन्न वर्गों ने सरकार से इस दिशा में ठोस नीति बनाने और प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top