केंदुआडीह मुख्य सड़क की समस्या को लेकर धरना जारी
डीजे न्यूज, धनबाद: केंदुआडीह क्षेत्र स्थित धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क के धंसने की घटना को 11 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन जिला प्रशासन, बीसीसीएल प्रबंधन एवं पथ निर्माण विभाग द्वारा अब तक समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से स्थानीय लोगों सहित पूरे कोयलांचल में भारी रोष एवं आक्रोश व्याप्त है।
इसी गंभीर एवं संवेदनशील समस्या के स्थायी समाधान तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग को लेकर कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा केंदुआडीह–बोकारो मुख्य सड़क पर 23 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
विधायक के जनहित आंदोलन का कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। केंदुआ पुल चैंबर ऑफ कॉमर्स, छाताटांड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स, केंदुआ बाजार चैंबर ऑफ कॉमर्स, लोयाबाद, पुटकी, धनबाद जिला थोक वस्त्र विक्रेता संघ, मोटर डीलर एसोसिएशन सहित कई संगठनों ने आंदोलन को समर्थन देते हुए सुबह से संध्या 5 बजे तक ऐतिहासिक बंद का आयोजन किया। क्षेत्र के सभी प्रतिष्ठान एवं दुकानें पूर्णतः बंद रहीं।
अपने-अपने प्रतिष्ठानों को बंद करने के बाद लगभग 500 की संख्या में व्यवसायी धरना स्थल पहुंचे और विधायक के साथ बैठ गए। इस दौरान धनबाद जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष चेतन प्रकाश गोयनका, महासचिव अजय नारायण लाल, बियाडा के पूर्व चेयरमैन विजय झा, चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, विकास कांधवे, मोटर डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशल सिंह, केंदुआ पुल चैंबर अध्यक्ष रंजीत मधेशिया, थोक वस्त्र विक्रेता संघ अध्यक्ष उमेश हेलीवाल, पुटकी चैंबर अध्यक्ष हीरालाल शर्मा, छाताटांड़ चैंबर अध्यक्ष पंकज भुवानियां, खाद्यान्न व्यवसायी संघ अध्यक्ष विनोद गुप्ता, लोयाबाद चैंबर अध्यक्ष सुनील पांडेय, हीरापुर चैंबर अध्यक्ष संजीव चौरसिया, बरवाअड्डा चैंबर अध्यक्ष पप्पू सिंह एवं बैंक मोड़ चैंबर के संदीप मुखर्जी, श्री राम सेना के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जदयू के प्रभात मिश्रा, गौतम मंडल, उदय सिंह, विनय सिंह ,रंजय सिंह, पंकज सिन्हा, निर्मल प्रधान, रवि सिन्हा, सदानंद वर्णवाल, इंद्रभूषण कुशवाहा, हुल्लास दास सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
वहीं जनता मजदूर संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम भी अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि जनता के हक, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई है। जब तक सड़क चालू नहीं होती, गैस रिसाव पर नियंत्रण नहीं होता और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
कामर्स के अध्यक्ष चेतन प्रकाश गोयनका ने कहा कि व्यापारी समाज हमेशा जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ा रहा है। केंदुआडीह सड़क बंद होने से व्यापार, रोजगार और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन को अविलंब समाधान करना चाहिए।
सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि मजदूर, व्यापारी, छात्र और आम जनता आज एक मंच पर हैं। यह बताता है कि समस्या कितनी गंभीर है। हम इस जनआंदोलन के साथ मजबूती से खड़े हैं।
विजय झा ने कहा कि यह सिर्फ सड़क धंसान का मामला नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। सरकार और संबंधित विभागों को तुरंत हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान निकालना चाहिए।