विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान : स्कूली बच्चों को दी गई बचाव और उपचार की जानकारी

Advertisements

विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान : स्कूली बच्चों को दी गई बचाव और उपचार की जानकारी

डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : विश्व मलेरिया दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को डीएवी मॉडल स्कूल डिगवाडीह परिसर में मच्छर जनित बीमारी मलेरिया के उन्मूलन को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया सह जोरापोखर की टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों को मलेरिया के लक्षण, रोकथाम, नियंत्रण और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मलेरिया विभाग के डॉ. दिलीप कुमार, वरुण कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने भाग लिया। डॉ. दिलीप कुमार ने विस्तार से मलेरिया बीमारी के बारे में बताते हुए इसके बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि मलेरिया से बचने के लिए घरों के आसपास गड्ढों को मिट्टी से भरना चाहिए तथा कूलर, हौदी या अन्य पानी से भरे बर्तनों को सप्ताह में एक बार अवश्य खाली कर साफ करना चाहिए। साथ ही शरीर को पूरी तरह ढककर रखने, मच्छर रोधी क्रीम या दवाओं का उपयोग करने और कीटनाशक दवा से उपचारित मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी कहा कि छत पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन से बंद रखना चाहिए और अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराना चाहिए। बुखार आने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने और रक्त जांच करवाने की बात कही गई।

डॉ. कुमार ने बताया कि मलेरिया की पुष्टि होने पर 14 दिन का पूरा उपचार लेना बेहद जरूरी है। साथ ही संक्रमित व्यक्ति को परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रहकर मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top