धनबाद की खबरें:-
कार्यों में प्रगति नहीं होने पर जताई नाराजगी
डीजे न्यूज, धनबाद: जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक सभी चार्ज अफसर के साथ की।
इस दौरान अपर समाहर्ता ने मकान सूचीकरण, जियो टैग फोटो आदि कार्य की तैयारियों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी चार्ज अफसर को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक स्तर पर ट्रेनिंग हेतु बैच निर्माण करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
मौके पर अपर समाहर्ता विनोद कुमार, निरसा बीडीओ इंद्रलाल ओहदार, गोविंदपुर सीओ धर्मेंद्र दुबे, पूर्वी टुंडी सीओ सुरेश कुमार वर्णवाल, कलियासोल बीडीओ जय प्रकाश नारायण, बाघमारा बीडीओ लक्ष्मण यादव, कार्यपालक पदाधिकारी चिरकुंडा प्रियंका कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें।
—————————————-
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी
धनबाद: रविवार, 26 अप्रैल को जिले के 70 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली झारखंड पात्रता परीक्षा – 2024 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने निषेधाज्ञा लागू की है। अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि निषेधाज्ञा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर परिक्षेत्र में अनावश्यक भीड़ लगना, अवैध रूप से मटरगश्ती करना, ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग करना, अनाधिकृत रूप से हथियार लेकर चलना, कदाचार से संबंधित किसी भी प्रकार की गतिविधि एवं वास्तु का उपयोग करने इत्यादि को प्रतिबंधित किया गया है।
यह निषेधाज्ञा रविवार, 26 अप्रैल को परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी।