स्थायी समिति की बैठक में विकास से जुड़े 12 अहम प्रस्तावों पर हुई चर्चा

Advertisements

स्थायी समिति की बैठक में विकास से जुड़े 12 अहम प्रस्तावों पर हुई चर्चा

डीजे न्यूज, धनबाद: निगम की स्थायी समिति की बैठक निगम कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, राजस्व वृद्धि एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निगम क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम निर्णयों पर सहमति बनी।

बैठक में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन हेतु आवश्यक व्यय राशि को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से प्राप्त करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। साथ ही निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आंतरिक राजस्व बढ़ाने एवं पथ विक्रेताओं के सुव्यवस्थित संचालन के लिए दुकान एवं वेंडिंग जोन के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।

बैठक में बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल की शेष दुकानों के आवंटन तथा राजस्व हानि को रोकने के उपायों पर भी विचार किया गया। इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए पीपीपी (PPP) मोड पर आधुनिक एवं वातानुकूलित बस शेल्टर के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया।

वायु प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए CAAQMS के तहत स्थापित स्टेशनों एवं LED स्क्रीन के संचालन को पीपीपी मोड पर संचालित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। साथ ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पूर्व से निर्मित ट्रैफिक पुलिस बूथों के जीर्णोद्धार एवं उनके नियमित रख-रखाव के लिए उन्हें विज्ञापन एजेंसियों को आवंटित करने का प्रस्ताव भी विचाराधीन रहा।

बैठक में निगम क्षेत्र के ग्रीन पैच के सौंदर्यीकरण, प्रमुख पार्कों के रख-रखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ गोल्फ ग्राउंड पार्क, लिलोरी पार्क एवं बिरसा सरोवर पार्क में प्रशासनिक कक्ष निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके अलावा प्रमुख पार्कों में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु 200 से 300 लोगों की क्षमता वाले ओपन एयर थिएटर के निर्माण पर भी चर्चा की गई।

निविदा प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से Earnest Money/Security Deposit के रूप में डिमांड ड्राफ्ट के साथ-साथ बैंक गारंटी एवं अन्य वैध वित्तीय साधनों को स्वीकार करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। वहीं DMC मॉल की शेष दुकानों के पूर्ण आवंटन नहीं होने के कारण दुकानदारों को ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस कार्य प्रारंभ होने तक किराया माफ करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विचार किया गया। इनमें ब्लैक टॉप सड़क एवं पेवर ब्लॉक निर्माण, सड़कों के किनारे वृक्षारोपण, BCCL से भूमि प्राप्त कर अर्बन फॉरेस्ट एवं पार्क निर्माण, वाहन स्क्रैपिंग सेंटर, विद्युत शवदाह गृह, बायोमेडिकल इंसीनरेटर, ट्रैफिक सिग्नल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करना, ई-चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना तथा नगर निगम द्वारा इलेक्ट्रिक बसों के संचालन जैसे प्रस्ताव शामिल रहे।

बैठक के संबंध में धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने कहा कि शहर के समग्र विकास एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थायी समिति की बैठक में लिए गए प्रस्तावों से शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, राजस्व में वृद्धि होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। निगम क्षेत्र को आधुनिक एवं स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

बैठक में जिन प्रस्तावों पर चर्चा की गई है, उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वायु प्रदूषण नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्कों के विकास तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सभी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शहर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया। माना जा रहा है कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से आने वाले समय में धनबाद शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top