प्रो. एसीएस राव
एआई-वीआर आधारित ‘इकोपल्स’ हृदय जांच में लाएगा बदलाव
आइआइटी-आइएसएम के प्रो. एसीएस राव ने विकसित की नई तकनीक
डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के प्रो. ए. सी. एस. राव ने हृदय रोगों की जांच को अधिक आसान, तेज और सटीक बनाने के लिए “इकोपल्स” नामक एक नई तकनीक विकसित की है। यह सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और वर्चुअल रियलिटी (वीआर) पर आधारित है, जो दिल की कार्यप्रणाली का स्वतः विश्लेषण करता है।
इकोपल्स हार्ट स्कैन से प्राप्त डेटा को समझकर उसमें छिपे पैटर्न की पहचान करता है, जिससे डॉक्टरों को कम समय में बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलती है। इस तकनीक की खासियत यह है कि इसमें वर्चुअल रियलिटी के जरिए दिल की गतिविधियों को 3डी रूप में देखा जा सकता है, जिससे जांच अधिक स्पष्ट और समझने में आसान हो जाती है।
प्रो. राव के अनुसार, “एडवांस्ड सेल्फ-सुपरवाइज्ड लर्निंग तकनीकों की मदद से यह सिस्टम इकोकार्डियोग्राफी डेटा का विश्लेषण करता है और बिना पहले से लेबल किए गए डेटा के भी महत्वपूर्ण पैटर्न पहचान सकता है।” उन्होंने कहा कि इस तकनीक का उद्देश्य जटिल मेडिकल डेटा को सरल बनाकर डॉक्टरों के लिए उपयोगी बनाना है।
यह सिस्टम दिल की पंपिंग क्षमता जैसे अहम संकेतकों का आकलन भी करता है, जो हृदय रोगों की समय रहते पहचान और इलाज में सहायक है। खासकर ऐसे क्षेत्रों में, जहां विशेषज्ञों की कमी है, यह तकनीक काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
इस प्रोजेक्ट को अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (एएनआरएफ) से लगभग 47 लाख रुपये की सहायता मिली है, जो इसके महत्व को दर्शाता है।
प्रो. राव मशीन लर्निंग, बायोइन्फॉर्मेटिक्स और डेटा आधारित सिस्टम के क्षेत्र में विशेषज्ञ हैं और चिकित्सा इमेजिंग व रोग पूर्वानुमान जैसे क्षेत्रों में उनका व्यापक अनुभव है।
यह नवाचार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।