टुंडी में कृषक प्रशिक्षण का शुभारंभ, ट्रैक्टर और महिंद्रा पिकअप वैन समर्पित
विधायक मथुरा ने किया उद्घाटन, कहा-किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला, टुंडी में किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को टुंडी विधायक सह मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो एवं जिला कृषि पदाधिकारी, धनबाद द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान कृषि विभाग की ओर से एक ट्रैक्टर और एक महिंद्रा पिकअप वैन विधायक के हाथों कृषक पाठशाला सुनीता फाउंडेशन को सौंपा गया, ताकि उत्पादित सब्जी, अनाज आदि के परिवहन में सुविधा मिल सके।
किसानों को प्रशिक्षण से मिलेगा सीधा लाभ : मथुरा
इस मौके पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा, “कृषक पाठशाला में फसलों, फलों और पशुपालन जैसे बतख, गाय, लेयर एवं बॉयलर चिकन, बकरी, सुअर और मछली पालन का कार्य बेहतर तरीके से किया जा रहा है। अधिक से अधिक किसान इस प्रशिक्षण में भाग लें और योजनाओं का लाभ उठाएं।” उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।
कृषि व पशुपालन गतिविधियों को मिल रहा बढ़ावा
कार्यक्रम में बताया गया कि समेकित योजना के तहत किसानों को बहुआयामी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। इस अवसर पर विधायक के निजी सचिव बसंत महतो, डॉ. आरपी मिश्रा, डॉ. वाल्मीकि कुमार, जगदीश चौधरी, संस्था के सचिव शशि शेखर मिश्रा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर गिरिधर मिश्रा, प्रोग्राम मैनेजर दिवाकर कुमार, रंजीत कुमार, सूरज कुमार, चंदन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।