हेमंत ने 62 सीडीपीओ एवं 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र

Advertisements

हेमंत ने 62 सीडीपीओ एवं 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र

महिला सशक्तिकरण पर जोर

डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत नव नियुक्त 62 बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) एवं 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय बाद बड़े पैमाने पर हुई यह नियुक्ति राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और यह नियुक्ति उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।

मुख्यमंत्री ने कुपोषण को गंभीर समस्या बताते हुए सभी नवनियुक्त कर्मियों से इसे जड़ से समाप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त झारखंड के निर्माण में इन कर्मियों की भूमिका अहम होगी।

उन्होंने दूरदराज क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि राज्य के सुदूर इलाकों में अब भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है, जिसे दूर करना प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नव-नियुक्त कर्मी अब सरकार का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव उमा शंकर सिंह, निदेशक किरण कुमार पासी सहित कई अधिकारी, नवनियुक्त अभ्यर्थी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top