अक्षय तृतीया पर ब्राह्मण भवन में धूमधाम से मनी भगवान परशुराम जयंती
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : पोद्दार पाड़ा स्थित ब्राह्मण भवन में रविवार को भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की जयंती अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर धार्मिक श्रद्धा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मनाई गई। ब्राह्मण भवन को झारखंड राज्य में भगवान परशुराम के एकमात्र मंदिर होने का गौरव प्राप्त है, जहां उनकी मनोहारी प्रतिमा स्थापित है।
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों और रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वातावरण भक्तिमय गीतों और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज रहा था। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें महेश शर्मा और सौरव शर्मा अपने परिवार सहित मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए।
वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। संध्या में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भगवान परशुराम के गुणगान गाए और उनकी महिमा का बखान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्राह्मण धर्मशाला के अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, सचिव जगदीश शर्मा, सह-सचिव दिनेश शर्मा, अनिल पांडेय, आनंद शर्मा, जॉनी शर्मा, दीपक शर्मा, हरीश जोशी, विष्णु त्रिपाठी, शिव चरण शर्मा, प्रदीप शर्मा, बलदेव पांडे, संजय शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, राजीव शर्मा सहित विप्र समाज के अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भगवान परशुराम के आदर्शों और शिक्षाओं का अनुसरण करने का संकल्प लिया।