विधायक राज ने महापुरुषों एवं अमर शहीदों की प्रतिमाओं के समक्ष प्रज्वलित किए दीप, राष्ट्रनायकों को किया नमन
डीजे न्यूज, धनबाद: दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं, बल्कि उन महान विभूतियों और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है, जिनके त्याग, तपस्या, संघर्ष और बलिदान से हमारा राष्ट्र गौरवान्वित हुआ है। इसी भावना और राष्ट्रभक्ति की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने दीपावली के पावन अवसर पर धनबाद शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थलों पर स्थापित महापुरुषों और अमर शहीदों की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने गांधी सेवा सदन एवं सिटी सेंटर चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, धनबाद रेलवे स्टेशन के सामने स्थापित बिनोद बिहारी महतो, जगजीवन नगर स्थित अमर शहीद भगत सिंह, बलियापुर रोड मोड़ स्थित वीर महाराणा प्रताप सिंह, सिटी सेंटर चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं स्वामी विवेकानंद, बैंक मोड़ स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण, नया बाजार स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरायढेला स्थित वीर शहीद सिदो-कान्हू एवं वीर कुंवर सिंह, रणधीर वर्मा चौक स्थित अशोक चक्र से सम्मानित अमर शहीद रणधीर वर्मा तथा डीआरएम चौक स्थित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।
दीपों की रोशनी के बीच राष्ट्रनायकों को नमन करते हुए विधायक राज सिन्हा ने उनके अद्वितीय योगदान, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास ऐसे महान महापुरुषों और वीर सपूतों के त्याग एवं बलिदान से समृद्ध है, जिन्होंने अपने जीवन को राष्ट्र, समाज और देशवासियों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। किसी ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर किया, तो किसी ने सामाजिक समानता, सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रनिर्माण और समाज सुधार के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर अमर शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित करना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता, सम्मान और संकल्प का प्रतीक है। इन महापुरुषों के विचार, आदर्श और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि दीपावली का प्रत्येक दीप हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और अन्याय से न्याय की ओर बढ़ने का संदेश देता है। हमारा कर्तव्य है कि हम महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।