बीआईटी सिंदरी में ई-समिट 2026 का भव्य समापन, नवाचार और प्रतिभा का दिखा दम
लाखों की प्रोत्साहन राशि के साथ छात्रों के सपनों को मिली नई उड़ान
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC 8.0) के तत्वावधान में आयोजित ई-समिट 2026 का भव्य आयोजन प्रेरणादायक वातावरण के साथ रविवार को बीआईटी सिंदरी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन दिवस पर बहुप्रतीक्षित इक्विटी माइंड्स राउंड 2 और इनोवाथॉन के फाइनल ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में Texcelerate के अंतर्गत एक टीम को 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। उड़ान UG फेलोशिप के तहत 5 स्नातक छात्रों को उनके प्रोजेक्ट के लिए प्रत्येक को 1 लाख रुपये प्रदान किए गए। टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (TDP) के अंतर्गत प्रोडक्शन एवं इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. सूर्यनारायण पांडा एवं डॉ. मुकेश चंद्र को माइनिंग उपकरणों के प्रिडिक्टिव मेंटेनेंस प्रोजेक्ट हेतु 15 लाख रुपये प्रदान किए गए।
BuildX-Expo (स्कूल संस्करण) में किड्स गार्डन सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरस्वती विद्या मंदिर, श्यामडीह को सांत्वना पुरस्कार मिला। वहीं BuildX-Expo (कॉलेज संस्करण) में गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, बोकारो (टीम: स्मार्ट सखी) विजेता रही।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. पंकज राय ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करते हैं तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।
प्रो. प्रकाश कुमार, अध्यक्ष (IIC 8.0), ने समिट की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मंच छात्रों को अपनी योजनाओं को साकार करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, टीम सदस्यों, आयोजकों एवं स्वयंसेवकों के योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रो. एस. सी. दत्ता, उपाध्यक्ष (IIC 8.0), ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों और रचनात्मक सोच को महत्वपूर्ण बताया। वहीं प्रो. आर. के. वर्मा, डीन छात्र कल्याण, ने छात्रों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. राहुल कुमार (Convener, IIC 8.0) ने आयोजन को टीमवर्क और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में प्रतिभागियों, आयोजकों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की गई तथा प्रायोजकों को विशेष धन्यवाद दिया गया। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कल सम्मानित किया जाएगा, जहां उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को औपचारिक रूप से सराहा जाएगा।