पांच सौ से अधिक जरूरतमंद छात्रों के बीच किताब व छात्रवृत्ति का वितरण 

Advertisements

पांच सौ से अधिक जरूरतमंद छात्रों के बीच किताब व छात्रवृत्ति का वितरण 

डीजे न्यूज, नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के प्यारेलाल भवन में आयोजित 51वें वार्षिक निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, स्टेशनरी एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में सैकड़ों साधनहीन विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस आयोजन के तहत जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सामग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि निगम पार्षद पंकज लूथरा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने परिषद द्वारा पिछले 51 वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था देशभर में दिव्यांग शिविर लगाकर जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य कर रही है।

इस अवसर पर आवेदनकर्ता विद्यार्थियों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 12 मेधावी छात्रों को रजत पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिषद के अध्यक्ष एवं संस्थापक अशोक जैन ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनका मनोबल बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी है।

परिषद के महासचिव मनोज कुमार जैन (मनोनीत निगम पार्षद) ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को जीवन पब्लिशिंग हाउस द्वारा सहायक पाठ्य पुस्तकें, धर्मपाल सत्यपाल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रजिस्टर-कॉपियां, तथा अन्य सहयोगियों द्वारा स्कूल बैग, स्टेशनरी और मिठाइयां वितरित की गईं।

इसके अलावा, लगभग 125 मेधावी, पितृहीन एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को करीब तीन लाख रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जादूगर राज कुमार की टीम द्वारा प्रस्तुत मैजिक शो ने सभी का मनोरंजन किया।

समारोह के अंत में परिषद के अध्यक्ष अशोक जैन ने उपस्थित सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top