धनबाद में “नया सवेरा, नई पारी” क्रिकेट की तैयारी शुरू
डीजे न्यूज, धनबाद: क्रिकेट को सशक्त बनाने और युवा खिलाड़ियों को अवसर देने के उद्देश्य से नया सवेरा नई पारी धनबाद क्रिकेट की तैयारी की शुरुआत की जा रही है। इसके मद्देनजर रविवार को धनबाद के एसबी इंटरनेशनल होटल में बैठक हुई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एकजुट होकर खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि धनबाद में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की।
बतौर मुख्य अतिथि मेयर संजीव सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल को बढ़ावा देने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि शहर में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि स्थानीय प्रतिभाएं आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व क्रिकेटरों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यदि सभी मिलकर समर्पित भाव से कार्य करें, तो धनबाद में क्रिकेट को नई पहचान दिलाई जा सकती है। यह आयोजन शहर में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।