गावां के चिहुटियां में भव्य कलश यात्रा के साथ नौ कुंडीय महायज्ञ शुरू, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन 

Advertisements

गावां के चिहुटियां में भव्य कलश यात्रा के साथ नौ कुंडीय महायज्ञ शुरू, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन 

प्रतिदिन होंगे हवन, पूजन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान, रात्रि में कथा प्रवचन

डीजे न्यूज, गावां(गिरिडीह) : गावां प्रखंड के चिहुटियां गांव में शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्री-श्री 108 हनुमत प्राण प्रतिष्ठा सह 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। गांव से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक भक्तिमय वातावरण छा गया है।

सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशेषकर महिलाएं, पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं। कलश यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा जय श्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण गूंजता रहा।

कलश यात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं जिसमें ऋषि-मुनियों की झांकी, राम-लक्ष्मण की जीवंत प्रस्तुति एवं आदिवासी लोकनृत्य प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और भक्ति गीतों ने पूरे आयोजन को और भी भव्य बना दिया। जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर जलपान की व्यवस्था भी की। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह महायज्ञ 9 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन हवन, पूजन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। वहीं प्रत्येक रात्रि में कथा प्रवचन का आयोजन होगा, जिसमें विद्वान कथावाचक श्रद्धालुओं को धार्मिक प्रसंगों का श्रवण कराएंगे।

इस आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, सचिव पप्पू चौधरी, कोषाध्यक्ष अनिल यादव सहित निरंजन सिंह, उपेंद्र यादव, सुनील यादव, पवन यादव, धनंजय यादव, दुलेश्वर यादव, किशोर यादव, अशोक मिस्त्री, अनिल कुमार समेत कई ग्रामीण बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top