नोएडा श्रमिक आंदोलन पर दमन के खिलाफ मजदूरों ने उठाई आवाज

Advertisements

नोएडा श्रमिक आंदोलन पर दमन के खिलाफ मजदूरों ने उठाई आवाज

डीजे न्यूज, रांची: संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच के आह्वान पर शनिवार को रांची में मजदूरों, कर्मचारियों और ट्रेड यूनियन कार्यकर्ताओं ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम एवं पूरे एनसीआर में मजदूर आंदोलनों पर हो रहे दमन के खिलाफ जोरदार प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के तहत जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप बड़ी संख्या में मजदूर एकत्रित हुए, जहां से एक जुलूस अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला गया। जुलूस के दौरान “दमन बंद करो”, “लेबर कोड वापस लो”, ‘मजदूर एकता जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अल्बर्ट एक्का चौक पर पहुंचकर सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेताओं ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सरकारों द्वारा मजदूर आंदोलनों पर किए जा रहे बर्बर दमन, पुलिस अत्याचार, श्रमिक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी तथा उन्हें अवैध रूप से हिरासत में रखने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औद्योगिक विवाद नहीं, बल्कि देश के मेहनतकश वर्ग के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है।

सभा में यह भी आरोप लगाया गया कि नियोक्ता वर्ग के साथ मिलीभगत कर सरकारें श्रमिकों के जायज संघर्ष को कुचलने का प्रयास कर रही हैं और झूठे आरोपों व दुष्प्रचार के माध्यम से आंदोलन को बदनाम किया जा रहा है।

वक्ताओं ने सभी गिरफ्तार श्रमिकों और ट्रेड यूनियन कार्यकर्ताओं की बिना शर्त रिहाई,
झूठे मुकदमों की वापसी और दमनकारी कार्रवाइयों पर रोक, चारों श्रम संहिताओं (लेबर कोड) की वापसी, ₹26,000 न्यूनतम वेतन का लागू किया जाना, 8 घंटे कार्यदिवस का सख्ती से पालन एवं ओवरटाइम का दोगुना भुगतान,
सभी श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल सुरक्षा की गारंटी, समान काम के लिए समान वेतन, ठेका प्रथा का उन्मूलन और श्रमिकों का नियमितीकरण की आवाज बुलंद की।

सभा में यह भी कहा गया कि यदि सरकारें और नियोक्ता मजदूर वर्ग की आवाज को दबाने का प्रयास जारी रखते हैं, तो देशभर में और व्यापक तथा निर्णायक आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉमरेड अजय सिंह ने की। सभा को एटक के पंकज कुमार और सरिता देवी, किसान सभा के महेंद्र पाठक, एआईसीसीटीयू के शुभेंदु सेन, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के गोपाल शरण सिंह, बेफ के एम एल सिंह, तथा सीटू के भवन सिंह एवं प्रतीक मिश्रा ने संबोधित किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top