पुण्यतिथि पर एस के बक्शी और राजेंद्र मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज तिसरा, धनबाद : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) सीपीएम की ओर से शनिवार को कामरेड एसके बक्शी एवं किसान नेता कामरेड राजेंद्र सिंह मुंडा की 5वीं पुण्यतिथि मानबाद, झरिया स्थित कामरेड एसके बक्शी स्मृति भवन में संगोष्ठी व श्रद्धांजलि कार्यक्रम के रूप में मनाई गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कामरेड एस के बक्शी को मजदूर वर्ग के संघर्षशील एवं वरिष्ठ नेता के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि बक्शी दा न केवल एक प्रखर मार्क्सवादी नेता थे, बल्कि एक कुशल शिक्षक और संगठक भी थे। 1970 के दशक में शिमला बहाल में हुए घटनाक्रम के बाद मजदूर संगठन की आवश्यकता को देखते हुए उनके नेतृत्व में स्थानीय स्तर पर बीसीकेयू (BCKU) का गठन किया गया, जिसमें कई प्रमुख नेताओं की भूमिका रही।
वक्ताओं ने कहा कि बक्शी दा ने सीटू (CITU) के संस्थापक सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और जेबीसीसीआई में भी नेतृत्वकारी भूमिका निभाई। उनके विचार और संघर्ष आज भी मजदूर आंदोलन को दिशा देते हैं। उन्होंने जोर दिया कि उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन के कार्यकर्ताओं को अपने चरित्र और आचरण को मजबूत करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड भगवान दास ने की। इस अवसर पर कामरेड नारायण चक्रवर्ती, शिव बालक पासवान, नौशाद अंसारी, प्रजा पासवान, जियाउर रहमान, भोला माली, अमरजीत पासवान, इंद्रजीत पासवान, श्याम पासवान, शंकर पासवान सहित कई लोग उपस्थित रहे।