JPSC प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

Advertisements

JPSC प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। 19 अप्रैल को होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के मद्देनज़र आज डुमरी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी डुमरी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा किया गया।

इस परीक्षा के लिए पीरटांड़ प्रखंड में 2 तथा डुमरी प्रखंड में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री संतोष गुप्ता ने सभी केंद्रों पर पहुंचकर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, स्वच्छता एवं सुरक्षा जैसे बुनियादी सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित कर ली जाएं। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने और परीक्षा को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतिनियुक्त गश्ती दंडाधिकारी, स्टेटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्हें परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ को रोकने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षार्थियों को सुरक्षित व अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top