गावां में अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचला, एक की मौत, तीन घायल

Advertisements

गावां में अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचला, एक की मौत, तीन घायल

डीजे न्यूज, गावां (गिरिडीह) : गावां-सतगावां मुख्य सड़क पर जोड़ासिमर के पास शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कुचल दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सतगावां की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगे केले के पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गावां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सरयू सिंह (35 वर्ष), पिता जाटो सिंह को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों और परिजनों ने चालक को पकड़ लिया, उसके साथ मारपीट की और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इतना ही नहीं, आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर दिया और मौके पर पहुंची पुलिस को भी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की भी सूचना है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन हालात को काबू में करने और चालक को सुरक्षित निकालने में जुटा हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top