बलियापुर की खबरें:-

Advertisements

बलियापुर की खबरें:-
हाइवा के धक्के से एक जख्मी

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर- सिंदरी रोड पर गुल्लीटांड़ मोड़ के पास शुक्रवार की देर शाम तेज रफ्तार हाइवा ने एक बाइक सवार को चपेट में ले लिया। घटना में शीतलपुर निवासी प्रकाश महतो जख्मी हो गया। जख्मी को इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया है। इधर घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे हाइवा को लोगों ने बलियापुर बाजार चौक के पास पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया। चालक को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लेकर थाना ले आई है।  धनबाद में इलाजरत जख्मी की स्थिति गंभीर बताई जाती है।
————————————-
महिला आरक्षण बिल पास नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण
बलियापुर: संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने पर भाजपा नेत्री अल्पना मुखर्जी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल को पारित करने के लिए संसद के विशेष सत्र का आयोजन किया था, लेकिन  विपक्षी दलों के कारण बिल पारित नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा विपक्ष को भुगतना पड़ेगा।
————————————
बलियापुर के प्रवासी मजदूर की तमिलनाडु में मौत

बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के चालधोवा गांव के कांतलाल हांसदा (25 वर्ष) की मौत संदेहास्पद परिस्थिति में तमिलनाडु के कोयम्बतूर में हो गई। शुक्रवार को परिजनों को खबर मिलते ही मातम पसर गया। पत्नी पुथुल कुमारी व बच्चे दहाड़ मारकर रोने बिलखने लगें। पीड़ित परिवार ने घटना से मुखिया मलिंद हांसदा व पूर्व मुखिया समीर कुमार मुर्मू को अवगत कराया। पूर्व मुखिया ने विधायक चन्द्रदेव महतो को घटना की सूचना दी। घटना बुधवार की बताई जा रही है। मृतक प्रवासी मजदूर कोयम्बटूर के शक्ति ओटो रिसलरी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के अधीन कार्यरत था। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रमायुक्त से मृतक के पार्थिव शरीर को कोयम्बटूर से घर लाने की व्यवस्था करने व प्रावधानों के अनुरूप पीड़ित परिवार को मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने की बातें कही। विधायक ने इस संबंध में श्रमायुक्त को पत्र भी लिखा है। परिजन मृतक के शव को लाने के लिए रवाना हो चुके हैं। मृतक मजदूर को दो बच्चे भी हैं। घटना के बाद मृतक के परिवार में दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top