जामताड़ा में असैनिक प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी पूरी, 19 अप्रैल को 12 केंद्रों पर होगी परीक्षा
स्वच्छ व कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए प्रशासन सख्त, फ्रिस्किंग और सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य
डीजे न्यूज, जामताड़ा : समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में झारखण्ड संयुक्त असैनिक (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 (वि०सं० 01/2026) के स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय अधिकारियों, उड़नदस्ता दंडाधिकारियों, पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों को दायित्वों का स्पष्ट बोध कराया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर 19 अप्रैल 2026 को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक होगी। इस परीक्षा में कुल 3624 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
उपायुक्त रवि आनंद ने परीक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य करने, साथ ही पेयजल, स्वच्छ शौचालय, रोशनी एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह 7:00 बजे से सक्रिय रहेगा और परीक्षा सामग्री के सुरक्षित जमा होने तक कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 9204429888 जारी किया गया है। परीक्षा के सफल संचालन हेतु उपायुक्त को समन्वयक तथा परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज को सहायक समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।
फ्रिस्किंग के बाद ही मिलेगा प्रवेश, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कैलकुलेटर, पेजर, ब्लूटूथ, ट्रांसमीटर, स्कैनर आदि के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी। परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश से पहले अनिवार्य रूप से फ्रिस्किंग से गुजरना होगा। पुरुष और महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग-अलग फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है, जिसमें महिला पुलिस बल द्वारा महिला अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट गर्ल्स विद्यालय, सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, बेसिक स्कूल मिहिजाम, जामताड़ा इंटर महिला कॉलेज, संत एंथोनी स्कूल, जेबीसी डिस्ट्रिक्ट सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, आर के प्लस टू स्कूल मिहिजाम, प्रोजेक्ट गर्ल्स उच्च विद्यालय मिहिजाम, डीएन उच्च विद्यालय, एडवर्ड्स इंग्लिश स्कूल, पीएमश्री गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल आदर्श जामताड़ा एवं सेंट जोसफ स्कूल में परीक्षा आयोजित होगी।
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता (भा०पु०से०) ने सुरक्षा व्यवस्था, फ्रिस्किंग और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पीपीटी के माध्यम से झारखंड लोक सेवा आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता (भा०पु०से०), परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, पुलिस उपाधीक्षक मु० संजय कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लांगुरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।