कानूनी जागरूकता से मिलेगा त्वरित न्याय
देवघर में न्यायपालिका-प्रशासन की संयुक्त पहल
डीजे न्यूज, देवघर :
जिले में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री कौशल किशोर झा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि कानून की जानकारी केवल न्यायालय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि आम नागरिकों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने विधिक साक्षरता को लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। साथ ही निःशुल्क कानूनी सहायता और मध्यस्थता के जरिए मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
खनन, घरेलू हिंसा और नशा मुक्ति पर विशेष चर्चा
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में माइनिंग मिनरल से जुड़े कानूनों, अवैध खनन पर कार्रवाई और संबंधित धाराओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, मौलिक अधिकारों और संवैधानिक कर्तव्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए ‘घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005’ के तहत महिलाओं के अधिकारों—जैसे निवास और भरण-पोषण—की जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 181 और 1091 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई।
नशा मुक्ति को लेकर NDPS एक्ट के प्रावधानों, दंड और इसके दुष्प्रभावों पर भी अधिकारियों को जागरूक किया गया। वहीं हिट एंड रन मामलों के त्वरित निष्पादन और पीड़ितों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता पर भी चर्चा हुई।
विकास में कानून की भूमिका अहम : उपायुक्त
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि कानून केवल दंड का माध्यम नहीं, बल्कि विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त साधन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
पुलिस-जनता के बीच भरोसा जरूरी : एसपी
पुलिस अधीक्षक सौरभ ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का संबंध मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने जनसुरक्षा से जुड़े तकनीकी और कानूनी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर श्री रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, बाल कल्याण समिति, जेएसएलपीएस, चाइल्ड हेल्पलाइन, सखी वन-स्टॉप सेंटर और अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।