तकनीक से बदलेगा स्टार्टअप्स का भविष्य : देवघर उपायुक्त
डीजे न्यूज, देवघर :
आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा STPI द्वारा आयोजित TECHINNOVA 2026 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने उपस्थित बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने आधुनिक युग में तकनीक की बढ़ती भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक अब केवल कार्य को आसान बनाने का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि यह योजना निर्माण और समस्याओं के समाधान का सबसे सशक्त उपकरण बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज के स्टार्टअप्स के लिए प्लानिंग और प्रॉब्लम-सॉल्विंग की प्रक्रिया पूरी तरह बदल चुकी है। डेटा एनालिटिक्स और सिमुलेशन सॉफ्टवेयर की मदद से उद्यमी पहले ही जोखिमों का आकलन कर रहे हैं, जिससे कम समय में बेहतर और प्रभावी परिणाम मिल रहे हैं। तकनीक के उपयोग से संसाधनों का बेहतर प्रबंधन भी संभव हो पाया है।
उपायुक्त ने प्रशासनिक कार्यों में तकनीक के उपयोग का उदाहरण देते हुए iRAD (इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस) सॉफ्टवेयर का जिक्र किया और बताया कि तकनीक के माध्यम से इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने युवाओं को महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो जाए, वह नागरिक जिम्मेदारी का विकल्प नहीं बन सकती। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने कहा, “जब तकनीक और जिम्मेदारी साथ-साथ चलेंगे, तभी देश का वास्तविक विकास संभव है।”