राजधनवार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, व्यवसायियों मेंं हड़कंप
गंदगी व मिलावट पर सख्त कार्रवाई, नमूने जब्त, जुर्माना भी लगा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार द्वारा गिरिडीह जिले के राजधनवार में औचक निरीक्षण किया गया। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में कई दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान राजधनवार के साहू चौक स्थित मनीष मसाला मिल और रिमझिम मसाला मिल परिसरों में अत्यधिक गंदगी पाई गई, जिस पर संचालकों को साफ-सफाई रखने का नोटिस दिया गया। साथ ही इन प्रतिष्ठानों से हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और जीरा पाउडर के नमूने रासायनिक जांच के लिए लिए गए।
वहीं श्री सती कुटीर उद्योग (सत्तू कारखाना) को भी सुधार का नोटिस देते हुए साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया तथा सत्तू का नमूना जांच के लिए लिया गया।
श्री हरि स्वीट्स, श्री कृष्ण स्वीट्स एवं छोटी वाला स्वीट्स में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मौके पर मिठाई, छोला, बुंदिया सहित अन्य खाद्य सामग्री की जांच की गई। जांच में विफल पाए गए नमूनों को तत्काल नष्ट कराया गया और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई।
रोहन कुमार के मिठाई दुकान में भारी गंदगी और अखाद्य रंग (चंपई रंग) का उपयोग पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए 35 किलोग्राम लड्डू और 10 किलोग्राम बुंदिया मौके पर ही नष्ट कर दी गई। साथ ही संचालक पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और सुधार का नोटिस दिया गया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा राजधनवार के 10 से अधिक स्ट्रीट फूड स्टॉल (गुपचुप, चाट, समोसा व अन्य नाश्ता दुकानों) की भी जांच की गई। जांच में विफल खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया और सभी विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि अखाद्य रंग (चंपई रंग) का प्रयोग न करें। दोबारा उल्लंघन करने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों को फूड सेफ्टी ट्रेनिंग लेने का निर्देश दिया गया।
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार ने बताया कि उपायुक्त महोदय गिरिडीह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जांच अभियान में डॉ राजा कुमार के अलावा फूड सेफ्टी मित्र अभिषेक केसरी, महाराज मंडल, कंप्यूटर ऑपरेटर वसीम अकरम, राहुल कुमार, शुभम कुमार और अमित कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।