चौकीदार व होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर, RFID तकनीक से होगी निगरानी

Advertisements

चौकीदार व होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर, RFID तकनीक से होगी निगरानी

डीजे न्यूज, देवघर :
चौकीदार एवं होमगार्ड की नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाहरणालय में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को लेकर अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों—आवेदन प्राप्ति, स्क्रूटनी, भौतिक सत्यापन और परीक्षा—के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने विशेष रूप से शारीरिक दक्षता परीक्षा में RFID तकनीक के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे अभ्यर्थियों की दौड़ और अन्य गतिविधियों का सटीक डेटा डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त होगी।

इसके अलावा उपायुक्त ने आवेदन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने और प्राप्त आवेदनों के निष्पक्ष परीक्षण के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही शारीरिक एवं लिखित परीक्षा को निष्पक्ष वातावरण में आयोजित कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में चौकीदार के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। विज्ञापन संख्या-01/2024 के तहत बैकलॉग रिक्तियों के लिए अधिसूचना जारी की गई है और नियुक्ति प्रक्रिया में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन किया जा रहा है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा,अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top