देवघर उपायुक्त ने सदर अस्पताल में हाईटेक स्वास्थ्य सुविधाओं का किया शुभारंभ, मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
डीजे न्यूज, देवघर :
सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री नमन प्रियेश लकड़ा ने अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में डिजिटल एक्स-रे और हाई-एंड कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन की शुरुआत की गई।
कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद के तहत अस्पताल को 500 mA की डिजिटल एक्स-रे मशीन (DR सिस्टम के साथ) उपलब्ध कराई गई है, जिससे मरीजों को अब तुरंत और सटीक रिपोर्ट मिल सकेगी। इसके साथ ही तीन प्रोब से युक्त अत्याधुनिक कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड सिस्टम भी स्थापित किया गया है, जिसके जरिए पेट, हृदय (इको) और नसों से संबंधित जटिल जांचें अब स्थानीय स्तर पर ही संभव हो पाएंगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों को उनके ही शहर में उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई मशीनों के शुरू होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अब बाहर जाकर महंगी जांच कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन मशीनों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा 24 घंटे इनका संचालन सुचारू रूप से किया जाए। साथ ही सिविल सर्जन को अस्पताल की सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
इस मौके पर सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।