तिसरी में जमीन विवाद में सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, छोटे भाई का सिर फटा

Advertisements

तिसरी में जमीन विवाद में सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, छोटे भाई का सिर फटा

डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी थाना क्षेत्र के गुमगी में जमीन विवाद को लेकर गुरुवार को दो सगे भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में छोटे भाई विनोद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बड़े भाई विमल यादव को भी चोट लगने की बात सामने आई है।

बताया जाता है कि गुमगी गांव निवासी विनोद यादव और उनके बड़े भाई विमल यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने गुरुवार को उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला करने लगे।

इस मारपीट में विनोद यादव का सिर फट गया और उनके शरीर पर भी कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। सिर में गहरी चोट लगने के कारण काफी रक्तस्राव हुआ। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल विनोद यादव को तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर और कंपाउंडर ने उनका प्राथमिक इलाज किया। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर तिसरी दक्षिणी छोर के जिला परिषद सदस्य रामकुमार राउत और गुमगी पंचायत के मुखिया पति महेश यादव अस्पताल पहुंचे और घायल विनोद यादव का हालचाल जाना।

इस संबंध में विनोद यादव ने तिसरी थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top